मंत्री दीपक बिरुवा और सुदिव्य कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार

मानभूम अपडेट्स, 03 अगस्त : झारखंड विधानसभा के तृतीय मानसून सत्र के दौरान झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा और सुदिव्य कुमार को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा निबंधन विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से तृतीय (मानसून) सत्रावधि में अनुपस्थिति की अवधि में उनके अधीनस्थ विभागों का कार्यभार संभालेंगे। इसके साथ ही विभागीय अधिसूचना संख्या-947, 22 जुलाई 2025 के द्वारा मुख्यमंत्री के प्रभाराधीन कुछ विभागों से संबंधित प्रश्न/ध्यानार्काण / निवेदन/ याचिका / विधेयक आदि सभी प्रकार की विधायी सूचनाओं के उत्तर देने एवं अन्य विधायी कार्यों के लिए दोनों मंत्रियों को पूर्व से आवंटित विभागों के अतिरिक्त विभागों के विधायी कार्यों के निष्पादन के लिए प्राधिकृत किया गया है।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, संसदीय कार्य, झारखंड सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मंत्री दीपक बिरुवा को निबंधन विभाग, विधि विभाग, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेस विभाग और मंत्री सुदिव्य कुमार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को अपने आवास के बाथरूम में फिसलकर गिरने के कारण झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति में एयरलिफ्ट कर नई दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे फिलहाल जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और अस्पताल की विशेषज्ञों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रख रही है तथा गहन इलाज दे रही है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार की शाम अस्पताल जाकर राज्य के शिक्षा मंत्री सह झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा रहे रामदास सोरेन के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली।



