आदि कर्मयोगी योजना को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, मास्टर ट्रेनर चयन पर हुआ जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदि कर्मयोगी योजना को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, मास्टर ट्रेनर चयन पर हुआ जोर

खूंटी, 29 जुलाई : खूंटी समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में “आदि कर्मयोगी योजना” के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी दीपिल कुमार, जनजातीय कार्य मंत्रालय की प्रतिनिधि सूचीस्मिता सेनगुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन सिंह उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिला एवं प्रखंड स्तर पर मास्टर ट्रेनरों की सूची शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी संचालन के लिए एनजीओ का चयन भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाए। इसके साथ ही ग्राम सभा के माध्यम से विलेज डेवेलपमेंट प्लान (ग्राम विकास योजना) तैयार करने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना के प्रत्येक चरण में प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कार्यान्वयन की निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।

ज्ञात हो कि “आदि कर्मयोगी योजना” के तहत जिले में एक सशक्त मास्टर ट्रेनर नेटवर्क तैयार किया जाएगा। ये मास्टर ट्रेनर गांवों में कर्मयोगियों को प्रशिक्षित करेंगे, ताकि वे जनजातीय समाज की पहचान को संरक्षित रखते हुए शासन की सेवाएं अंतिम छोर तक पहुँचा सकें और समुदाय को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ सकें।

बैठक में प्रशिक्षण सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन सुनिश्चित करने की बात भी प्रमुखता से उठाई गई, जिससे योजना के उद्देश्यों की पूर्णता सुनिश्चित हो सके।

Share This Article