जनता दरबार आयोजित कर उपायुक्त ने सुनी आम जनता की समस्याएं, निष्पादन का दिया आश्वासन

सरायकेला, 25 जुलाई : उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत तथा सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की उपायुक्त ने गंभीरतापूर्वक सुनवाई की और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, सालडीह टू मे खेल मैदान के समतलीकरण और बैठने की व्यवस्था, केरला पब्लिक स्कूल छोटा गम्हरिया के सामने सड़क पर जेबरा क्रॉसिंग बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन, राजनगर प्रखंड मे सीमांकन में अवरोध तथा बाउंड्री वॉल से संबंधित विवाद एवं आंख के इलाज हेतु मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवेदकों ने अपनी बात रखी। सभी मामलों पर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।



