मेडिका अस्पताल में इलाजरत वरिष्ठ भाजपा नेता कड़िया मुंडा से मिले मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य की ली जानकारी

रांची, 23 जुलाई : रांची के मेडिका अस्पताल में इलाजरत वरिष्ठ नेता पद्म विभूषण कड़िया मुंडा से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात किया। मुख्यमंत्री ने लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष से मिलकर उनका हालचाल जाना तथा उपस्थित चिकित्सकों को उन्हें उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मरांग बुरु से कड़िया मुंडा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इसके पूर्व खूंटी जिले के तोरपा विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक सुदीप गुड़िया ने भी अस्पताल में इलाजरत कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने भी प्रभु से कड़िया मुंडा के शीघ्र स्वास्थ्य होने की प्राथना की।
विदित हो कि खूंटी के पूर्व सांसद सह लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्म विभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रांची पहुंचाया गया। इसके बाद मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। उन्हें पिछले कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। पद्म विभूषण करिया मुंडा की तबीयत जनवरी महीने में भी बिगड़ी थी। लो शूगर की समस्या होने के बाद उस समय भी उनका इलाज रांची के मेडिका अस्पताल में कराया गया था। इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर हुए घर लौटे थे।



