खूंटी के कर्रा में जंगली भालू के हमले से एक व्यक्ति घायल

विशेष संवाददाता खूंटी, 22 जुलाई : खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र मैं इन दोनों जंगली भालू का आतंक है। जंगल क्षेत्र में बैल-बकरी चराने जाने वालों और दतुवन आदि लेने के लिए जंगल जाने वालों पर आए दिन जंगली भालू का हमला हो रहा है। ताजा घटना कर्रा थाना क्षेत्र के कुदा टंगराटोली का है। टंगराटोली निवासी लगभग 63 वर्षीय राउता मुंडा मंगलवार दोपहर 12 बजे बकरी चराने जंगल किनारे गए थे। इसी क्रम में जंगली भालू ने उसपर हमला कर दिया। इस दौरान राउता मुंडा अपनी सांस रोक कर चुपचाप पड़े रहे। इस क्रम में जंगली भालू ने उसके हाथ और पैर पर खरोच मारा। काफी देर तक सांस रोके रखने के कारण जंगली भालू उसे मृत समझकर वापस जंगल की ओर चला गया। जंगली भालू के हमले से घायल राउता मुंडा को ग्रामीण और परिजनों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचाया जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। इसके पूर्व जंगली भालू के हमले से एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना पाकर वन विभाग के कर्मी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल राउता मुंडा से घटना की जानकारी ली। इसके पूर्व भी कर्रा प्रखंड क्षेत्र में जंगली भालू ने वृद्ध दंपति को घायल कर दिया था।



