गम्हरिया में किसानों को प्रोत्साहित करने हेतु बैठक, बहुफसली खेती अपनाने पर जोर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गम्हरिया में किसानों को प्रोत्साहित करने हेतु बैठक, बहुफसली खेती अपनाने पर जोर

सरायकेला/आदित्यपुर, 17 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी में वृद्धि के उद्देश्य से प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में किसानों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। यह बैठक गांजिया बराज स्थित किसान भवन में गुरुवार को संपन्न हुई, जिसमें प्रखंड के ईटागढ़, नुआगढ़, चमारु, बांधडीह, बुरुडीह, यशपुर और दुगनी पंचायतों से आए किसान, किसान मित्र और कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान बीडीओ द्विवेदी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल पारंपरिक खेती से आर्थिक समृद्धि संभव नहीं है। उन्होंने किसानों से मक्का, रागी, उड़द, मूंगफली, गन्ना जैसी मोटे अनाजों और नकदी फसलों की ओर भी ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बहुफसली खेती न केवल आमदनी बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को भी कम करती है।

बैठक में यह प्रमुख निर्देश एवं जानकारी दी गई – 

सरकार द्वारा उन्नत बीजों की निःशुल्क या अनुदानित दर पर आपूर्ति की जा रही है, जिसका लाभ सभी किसान उठाएं। स्वर्णरेखा परियोजना के तहत सिंचाई सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। कृषि यंत्रीकरण, मृदा परीक्षण, जैविक खेती, पशुपालन और समेकित कृषि प्रणाली से जुड़ने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम-किसान मानधन योजना, फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी दी गई और पात्र किसानों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

बीडीओ ने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि यदि किसान बहुफसली खेती की ओर रुख करते हैं तो न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि क्षेत्रीय कृषि प्रणाली भी अधिक सतत एवं आत्मनिर्भर बनेगी।

इस अवसर पर स्वर्णरेखा परियोजना के अभियंता रोहित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, एटीएम, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सहित कई तकनीकी अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने किसानों के प्रश्नों का समाधान किया और तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

Share This Article