विश्व शौचालय दिवस पर पंचायतों में चला स्वच्छता जागरूकता अभियान, शौचालयों के नियमित उपयोग पर दिया गया जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’ अभियान के तहत ग्रामीणों को साफ-सफाई और रखरखाव के प्रति किया गया जागरूक, 10 दिसंबर तक चलेगा अभियान

सरायकेला, 19 नवंबर : विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरायकेला-खरसावां जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’ अभियान के तहत ग्रामीणों को शौचालयों के नियमित उपयोग, साफ-सफाई और समुचित रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का नियमित उपयोग केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार के स्वास्थ्य, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षित वातावरण से भी जुड़ा हुआ है। लोगों को खुले में शौच से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों की जानकारी देते हुए गांवों में खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) स्थिति बनाए रखने की अपील की गई।

जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से घरों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, शौचालयों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों के बेहतर उपयोग, स्वच्छता और रखरखाव में ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’ अभियान 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों की स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं रखरखाव के कार्य किए जाएंगे। साथ ही व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों की स्थिति का भी मूल्यांकन किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना और शौचालयों के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया जा रहा है कि केवल शौचालय का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका नियमित उपयोग, साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करना भी प्रत्येक परिवार एवं समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Share This Article