झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत छठ घाटों पर चला स्वच्छता अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक रूप से की गई घाटों की साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को किया गया जागरूक

सरायकेला, 17 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में छठ पूजा घाटों पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पंचायत स्तर पर लोगों ने छठ घाटों की साफ-सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने का संदेश दिया।

पंचायती राज विभाग की ओर से राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में 15 से 23 नवंबर तक झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को जिले की विभिन्न पंचायतों में स्थित छठ पूजा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही लोगों को पूजा स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई में सहयोग करने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

Share This Article