
CTO मिलते ही बालू घाट से शुरू होगा खनन एवं उठाव, क्षेत्र में बालू की किल्लत दूर होने की जगी उम्मीद
सरायकेला, 13 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ अंचल अंतर्गत सोडो-जारगोडीह बालू घाट के संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की उपस्थिति में बालू घाट के लीजधारक कंपनी गो क्वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि जिरेंद्र कुमार के साथ लीज डीड निष्पादित किया गया। इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी भी उपस्थित रहे।
लीज डीड निष्पादित होने के बाद अब बालू घाट के संचालन से जुड़ी शेष औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, आगामी एक सप्ताह के अंदर कंपनी को CTO (कंसेंट टू ऑपरेट) मिलने की संभावना है। CTO प्राप्त होते ही सोडो-जारगोडीह बालू घाट से विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बालू की किल्लत से मिलेगी राहत
बालू घाट का संचालन शुरू होने से ईचागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में बालू की उपलब्धता सुगम होने की उम्मीद है। लंबे समय से बालू की उपलब्धता को लेकर आम लोगों और निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बालू घाट चालू होने से मकान निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है।
वहीं, बालू की आपूर्ति व्यवस्था सुचारू होने से आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिल सकती है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बालू घाट का संचालन निर्धारित नियमों एवं खनन संबंधी प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाएगा।
अब निगाहें CTO पर
लीज डीड निष्पादित होने के बाद बालू घाट के संचालन की अंतिम बाधा CTO प्राप्त करना है। यदि निर्धारित समयसीमा में अनुमति मिल जाती है, तो अगले सप्ताह से सोडो-जारगोडीह बालू घाट से बालू का उठाव शुरू होने की उम्मीद है।



