
युवक की मौत के बाद छह घंटे तक सड़क जाम कर ग्रामीणों ने उठाई थी सुरक्षा की मांग, हादसे के अगले ही दिन शुरू हुआ काम – पहले ही हो जाती पहल तो शायद बच जाती अभिजीत की जान
चांडिल, 11 नवंबर : ग्रामीणों के आक्रोश और सड़क जाम के बाद आखिरकार एनएचएआई की नींद टूट गई है। चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रावताड़ा चौक में सड़क सुरक्षा के इंतजाम को लेकर उठी मांग के बाद बुधवार से स्पीड ब्रेकर निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को इसी चौक पर सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय अभिजीत गोराई की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक सड़क जाम कर प्रशासन और एनएचएआई के खिलाफ आक्रोश जताया था। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में दुर्घटना संभावित स्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण और वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के पुख्ता इंतजाम शामिल थे।
ग्रामीणों के विरोध का असर ऐसा हुआ कि जिस सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग लंबे समय से की जा रही थी, उस पर हादसे के अगले ही दिन काम शुरू हो गया। चांडिल और नीमडीह थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित रावताड़ा चौक में एनएचएआई की ओर से ट्रिपल स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे चौक से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहनों की गति नियंत्रित होने और दुर्घटनाओं की आशंका कम होने की उम्मीद है।
हालांकि, यह कार्रवाई कई सवाल भी खड़े करती है। आखिर सड़क सुरक्षा के इन जरूरी इंतजामों के लिए किसी की जान जाने का इंतजार क्यों किया गया? यदि समय रहते रावताड़ा चौक पर प्रभावी स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो शायद मंगलवार को अभिजीत गोराई की जान बचाई जा सकती थी।
गौरतलब है कि पितकी ओवरब्रिज के लोकार्पण के दौरान भी स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। रक्षा राज्यमंत्री सह सांसद संजय सेठ की मौजूदगी में ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की थी। उस दौरान संजय सेठ ने भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद ओवरब्रिज की चढ़ाई शुरू होने वाले स्थान पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया गया था, लेकिन वह प्रभावी साबित नहीं हो रहा था।
अब रावताड़ा चौक पर ट्रिपल स्पीड ब्रेकर का निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जगी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल स्पीड ब्रेकर बनाना पर्याप्त नहीं है। सड़क पर उचित संकेतक, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम भी होने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अभिजीत जैसी त्रासदी का सामना नहीं करना पड़े।



