
सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के समीप वारदात, गंभीर हालत में टीएमएच ले जाए गए सोनू कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया – आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
आदित्यपुर, 10 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए सरेशाम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। सोमवार देर शाम सतबोहनी जुलुमटांड़ पूजा पंडाल के समीप हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जुए के दौरान विवाद में गोली चलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गोली चलाई गई, जो सोनू कुमार को जा लगी। घटनास्थल पर ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं। इससे पुलिस जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद को भी हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
विशाल सिंह पर गोली मारने का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
प्रारंभिक तौर पर विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू कुमार को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वारदात के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई को घटना के संबंध में जानकारी है और उससे भी पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सरेशाम हुई इस हत्या के बाद सतबोहनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वहीं, इस वारदात ने आदित्यपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



