अवैध खनिज कारोबार पर CO अभय कुमार द्विवेदी की एक और कार्रवाई, 700 CFT से अधिक स्टोन चिप्स लदा हाइवा जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह-कुकडू में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान, बोले CO- बिना कागजात खनिज ढुलाई की तो होगी कड़ी कार्रवाई

नीमडीह, 04 नवंबर : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह और कुकडू क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को अंचलाधिकारी एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 700 CFT से अधिक स्टोन चिप्स लदा एक हाइवा जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, जांच अभियान के दौरान पकड़े गए हाइवा के चालक से खनिज परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद संयुक्त टीम ने वाहन को जब्त कर लिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर खनिजों का अवैध खनन, भंडारण और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपायुक्त का स्पष्ट निर्देश है कि बिना वैध कागजात के खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

गौरतलब है कि अंचलाधिकारी इससे पहले भी अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर चुके हैं। बीते 25 अक्टूबर को नीमडीह के आदारडीह स्थित एसएम स्टील परिसर में छापेमारी कर उन्होंने बालू लदे छह हाइवा पकड़े थे। अब 700 CFT से अधिक स्टोन चिप्स लदे हाइवा की जब्ती को इसी अभियान की अगली कड़ी माना जा रहा है।

जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article