
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार के प्रति जताया आभार
कुकडू, 28 अक्टूबर : चांडिल डैम से कुकड़ू एवं नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के किसानों के लिए मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने आभार जताया है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना को स्वीकृति दिलाने के लिए उनके द्वारा बार-बार झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पत्राचार कर मांग उठाई गई थी। उनकी मांग पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मधुश्री महतो ने बताया कि कुकड़ू प्रखंड में सिंचाई सहित कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है। क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपने के साथ-साथ विभिन्न मंचों पर इस मुद्दे को उठाया था। मांग पत्र में चांडिल डैम से कुकड़ू और नीमडीह प्रखंड के किसानों के लिए लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू करने की मांग प्रमुखता से शामिल थी।
उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर 2026 को झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल से योजना को मंजूरी मिलना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने योजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर जनता का सर्वांगीण विकास करना उनकी प्राथमिकता है।