चांडिल में 15 दिनों से पेयजलापूर्ति ठप, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल में 15 दिनों से पेयजलापूर्ति ठप, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

चापाकल भी खराब, महिलाओं और बच्चों की बढ़ी परेशानी – ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान, विभागीय कार्यालय में भी नहीं मिले अधिकारी-कर्मचारी

चांडिल, 27 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार सहित आसपास के कई गांवों में पिछले 15 दिनों से पेयजलापूर्ति ठप है। जलसंकट से जूझ रहे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गांवों में लगे चापाकल भी खराब पड़े हैं, जिससे लोगों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें पानी के लिए दूर-दराज के इलाकों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, पेयजल संकट की जानकारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से लेकर स्थानीय विधायक तक को दी गई है। इसके बावजूद अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। प्रभावित क्षेत्रों में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने और खराब चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की है।

विभागीय कार्यालय में नहीं मिले अधिकारी-कर्मचारी

मंगलवार को जब हमारी टीम ने चांडिल में पेयजल संकट की पड़ताल की, तो पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय में कोई पदाधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। एक ओर ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

15 दिनों से जारी जलसंकट और वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? ग्रामीणों को अब इंतजार है कि विभाग कब सक्रिय होगा और चांडिल में पेयजलापूर्ति कब बहाल होगी।

Share This Article