

ग्रामसभा सशक्तीकरण और वन अधिकार कानून के क्रियान्वयन पर जोर, नवनियुक्त सदस्यों ने ली शपथ
चांडिल, 27 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत मातकमडीह पंचायत में मंगलवार को गांव गणराज्य पंचायत मातकामडीह समिति का गठन किया गया। मुखिया सुखलाल मांझी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन किया गया। इस दौरान सभी नवनियुक्त सदस्यों को शपथ भी दिलाई गई।
समिति के अध्यक्ष के रूप में रविंद्र मांझी, सचिव भद्रु सिंह सरदार और कोषाध्यक्ष आनंदो महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, सुखलाल मांझी, उमापदो महतो, तारानी चंद्र मांझी, रामप्रसाद महतो, भगतु तांती, शंभू हेंब्रम, कानचान महतो और अनोका महतो को समिति का सदस्य बनाया गया।
बैठक में गांव गणराज्य चांडिल प्रखंड अध्यक्ष बलराम सिंह एवं संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में समिति के सदस्यों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
बैठक में ग्रामसभा को सशक्त बनाने, वन अधिकार कानून-2006 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ग्रामसभा की आठ स्थायी समितियों के माध्यम से गांवों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। बताया गया कि पंचायत समिति के सदस्यों के माध्यम से गांव गणराज्य ग्राम समिति के सदस्यों का गठन किया जाएगा।
समिति का मुख्य उद्देश्य ग्रामसभा से जुड़ी समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर पर उठाना और उनके समाधान के लिए पहल करना है। बैठक में ग्रामसभा की भूमिका को मजबूत बनाने तथा ग्रामीणों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया।



