
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
सरायकेला, 26 अक्टूबर : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के धोबा साईं में मां लक्ष्मी पूजा महोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की ओर से शहर को बेहतर रोशनी, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरायकेला शहर को सेंसरयुक्त स्ट्रीट लाइटों से जगमगाने की तैयारी चल रही है।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि प्रकाश केवल अंधकार दूर करने का माध्यम नहीं, बल्कि सुरक्षा, सकारात्मकता और विकास का भी प्रतीक है। नगर पंचायत का प्रयास है कि शहर की गलियों और मोहल्लों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने स्थानीय महिलाओं और बस्तीवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं का निराकरण और उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के मोहल्लों को भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सरायकेला के निर्माण में नगर पंचायत के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी के बीच पूरा वातावरण उत्साह और भक्तिमय उल्लास से सराबोर रहा। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद बरुण साहू, गौतम नायक एवं विक्रम मोदक, झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महांती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, नगर सचिव तपन कामिला, महिला नगर अध्यक्ष सुशीला सुतार, पिंकी मोदक, समीर रजक, रवि सुतार, राजू रजक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बस्तीवासी उपस्थित थे।



