भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में हरेलाल महतो की पहली पारी, वरिष्ठ नेताओं से मिला मार्गदर्शन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

रांची में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर मंथन, हेमंत सरकार की कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना

 

रांची/चांडिल, 24 अक्टूबर : भाजपा में शामिल होने के बाद ईचागढ़ के भाजपा नेता हरेलाल महतो ने शनिवार को रांची में आयोजित झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लिया। कांके-सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्विट हॉल में आयोजित इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहली बार शामिल हुए हरेलाल महतो ने अपने अनुभव को सुखद बताया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों से संगठनात्मक विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यह अनुभव उनके लिए काफी उपयोगी रहा।

हरेलाल महतो ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन के विस्तार और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में काम किया जाएगा।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला

बैठक के बाद हरेलाल महतो ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लूट, चोरी, छिनतई, हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सरकार की नीतियों और मौजूदा व्यवस्था से परेशान है।

हरेलाल महतो ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सहभागिता को हरेलाल महतो के लिए भाजपा के संगठनात्मक कार्यों को करीब से समझने और वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद स्थापित करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article