हाफ प्लेट चाउमीन और बोनलेस चिकन को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने खून लगे कपड़े, तवा और चाकू समेत अन्य सामान किया बरामद
आदित्यपुर, 22 अक्टूबर : जियाडा परिसर के बाहर खाऊ गली में हुई चाकूबाजी की घटना में मानगो निवासी शेखर तिर्की की मौत के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सालडीह निवासी मोहन बरुआ, ऋषभ बरुआ, मोहित बरुआ, ऋषिका बरुआ और मुक्ति बरुआ शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
खून लगे कपड़े, तवा और चाकू बरामद
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य के तौर पर खून लगे कपड़े, तवा, चाकू और अन्य सामान बरामद किए हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद पुलिस ने जियाडा परिसर के बाहर संचालित अवैध फास्ट फूड ठेलों को भी हटवा दिया है। साथ ही दोबारा ठेला नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी है।
हाफ प्लेट चाउमीन और बोनलेस चिकन को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को आरोपी जियाडा परिसर के बाहर खाऊ गली स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर हाफ प्लेट चाउमीन और बोनलेस चिकन खाने पहुंचे थे। ऑर्डर मिलने में देरी होने पर ठेला संचालक और आरोपियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आसपास के दुकानदारों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मामला हिंसक रूप ले चुका था।
आरोप है कि इसी दौरान तवा और चाकू से हमला किया गया, जिसमें मानगो निवासी शेखर तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद जियाडा परिसर के बाहर संचालित फास्ट फूड ठेलों को हटाए जाने से इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।



