विजयादशमी पर तिरुलडीह के साव परिवार ने किया वस्त्र और राशन वितरण, सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं को मिली सहायता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एक दशक से निभा रहे परंपरा, खीर-पूड़ी के साथ सूखा राशन और वस्त्र बांटकर मनाया पर्व

कुकड़ू, 20 अक्टूबर : विजयादशमी के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह में साव परिवार की ओर से सेवा और सामाजिक सहयोग की परंपरा निभाई गई। इस दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों की सैकड़ों गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं के बीच खीर-पूड़ी, सूखा राशन और वस्त्र का वितरण किया गया।

बताया गया कि साव परिवार की ओर से यह कार्यक्रम पिछले एक दशक से लगातार विजयादशमी के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। स्वर्गीय सीताराम साव के पुत्रों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को वस्त्र एवं राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

इस अवसर पर जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह तिरुलडीह के ग्राम प्रधान अशोक कुमार साव ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर प्रतिवर्ष वस्त्र एवं राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न गांवों की जरूरतमंद महिलाओं की सहायता करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि साव परिवार वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करता आ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच खाद्य सामग्री और वस्त्र वितरित किए गए। मौके पर जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह ग्राम प्रधान अशोक कुमार साव, प्रदीप साव, राजेश साव, गंगाधर साव समेत साव परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article