सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा, चांडिल व नीमडीह पुलिस को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश
चांडिल, 17 अक्टूबर : शारदीय दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को जिले के एसपी मनोज स्वर्गियारी चांडिल पहुंचे और विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों एवं मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने चांडिल बाजार स्थित सोलहआना दुर्गा पूजा पंडाल, कदमडीह और चांडिल स्टेशन सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल सहित विभिन्न पूजा स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चांडिल और नीमडीह थाना पुलिस को आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रण और पुलिस की सतर्कता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
एसपी ने रात्रिकालीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। साथ ही महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और चोरी, छिनतई समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर मां दुर्गा के दर्शन कर सकें और त्योहार का आनंद उठा सकें।



