कक्षा 9वीं से 12वीं तक के एक बालक और एक बालिका को मिलेगी जिम्मेदारी, मतदाता जागरूकता और SIR-2026 की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
जमशेदपुर, 16 अक्टूबर : निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को साकची स्थित रवीन्द्र भवन ऑडिटोरियम में Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 के प्रभावी संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला में जिले के उच्च विद्यालयों, प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राधिकृत समन्वयकों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला में संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन, पंजीकरण, सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि और निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संस्थानों में ELC 2.0 को सक्रिय बनाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से SIR-2026 के संबंध में जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा निर्वाचन से जुड़ी सही एवं प्रमाणिक जानकारी विद्यार्थियों और उनके माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हर विद्यालय से एक बालक और एक बालिका को लीड मेंबर बनाने की अपील
कार्यशाला में जिले के सभी विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों में से एक बालक और एक बालिका को लीड मेंबर के रूप में नामित करने की अपील की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से निर्वाचन साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को गति देना है।
लीड मेंबर के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और लोकतंत्र में मतदान के महत्व से संबंधित जानकारी साझा करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में कहा गया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ECI पोर्टल और ECINET के उपयोग की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान समन्वयकों को निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन एवं पंजीकरण तथा सदस्यों का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल eci.gov.in/electoral-literacy-club और ECINET प्लेटफॉर्म के उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में संस्थानों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर ईआरओ सह धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर धालभूम सच्चिदानंद महतो समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



