मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने किया उद्घाटन, युवाओं से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील
सरायकेला, 13 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित अर्का जैन विश्वविद्यालय में मंगलवार को ELC FEST 2026 के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं के बीच निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने भी निर्वाचन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल किए, जिनका उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने युवाओं से निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सही जानकारी परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं कराने वाले पात्र नागरिकों को जागरूक करने पर जोर दिया। ऐसे नागरिकों को प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करने की बात कही। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम और विवरण के संशोधन तथा नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
10 प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
ELC FEST के ग्रैंड फिनाले में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने निर्वाचन साक्षरता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित 10 प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें वाद-विवाद, निर्वाचन प्रश्नोत्तरी, भाषण, भूमिका-अभिनय, निर्वाचन समाधान गतिविधि, मॉक निर्वाचन न्यायालय, पोस्टर निर्माण, जागरूकता रील, नुक्कड़ नाटक और मॉक निर्वाचन शामिल रहे।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मताधिकार के महत्व, निष्पक्ष निर्वाचन, जागरूक मतदाता और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान ECINET प्लेटफॉर्म, मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
उपायुक्त ने युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से विद्यालय, परिवार और समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करने की अपील की। उन्होंने मतदाता सूची में उपलब्ध विवरण की जांच करने और आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



