चांडिल गोलचक्कर के पास कैंपर वैन ने बाइक को मारी टक्कर, महिला का पैर टूटा, MGM रेफर
चांडिल, 12 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची एनएच-33 पर साहेरबेड़ा चांडिल गोलचक्कर के पास सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के छोटालाखा पुनर्वास निवासी सोनाराम सोरेन अपनी पत्नी सोनिया टुडू के साथ मोटरसाइकिल से चौका स्थित अपने ससुराल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोलचक्कर के पास पीछे से आ रही एनएचएआई की कैंपर गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति-पत्नी सड़क पर गिर गए।
हादसे में सोनिया टुडू के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल, चांडिल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।



