दो आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर चौकीदार पद पर नियुक्ति
सरायकेला, 08 अक्टूबर : जिला स्तरीय चौकीदार अनुकंपा समिति के निर्णय के आलोक में सरायकेला खरसावां जिले में दो आश्रित अभ्यर्थियों की अनुकंपा के आधार पर चौकीदार पद पर नियुक्ति की गई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में दोनों नवनियुक्त चौकीदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
नियुक्ति पाने वालों में खरसावां थाना क्षेत्र के नारायणबेड़ा गांव निवासी स्वर्गीय कल्याण मार्डी के पुत्र सोम मार्डी तथा सामुरसाई, बड़ाबाम्बो निवासी स्वर्गीय कार्तिक तांती के पुत्र नील मोहन तांती शामिल हैं।
बताया गया कि गत 30 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय चौकीदार अनुकंपा समिति की बैठक में मृत चौकीदारों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया था। निर्धारित प्रक्रिया, शैक्षणिक एवं अन्य अर्हताओं के सत्यापन तथा नियमों के अनुपालन के बाद दोनों अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई।
नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उपायुक्त ने दोनों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। नियुक्ति आदेश के अनुसार दोनों को पत्र प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर योगदान करना होगा। योगदान के समय निर्धारित स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र समेत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा अविनाश कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



