रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला, राज्यपाल समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 08 अक्टूबर : दिशोम गुरु पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा विधायक बसंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन के बाद मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र के लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो समेत कई विधायक, पूर्व मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share This Article