गोल से नहीं, टॉस से तय हुआ एचएलएम ट्रॉफी का चैंपियन, मानभूम एफसी ने जीता खिताब

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

चांडिल, 07 अक्टूबर : चांडिल प्रखंड के धातकीडीह-भादूडीह में आयोजित एचएलएम ट्रॉफी सीजन-05 का फाइनल मुकाबला रोमांच की तमाम सीमाएं पार कर गया। मानभूम एफसी, चोगा-ईचागढ़ और जय तारा, चांडिल के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद ट्राईब्रेकर का सहारा लिया गया, लेकिन वहां भी दोनों टीमों के बीच फैसला नहीं हो सका। आखिरकार कमेटी के निर्णय से टॉस कराया गया और इसमें मानभूम एफसी विजेता बनी।

जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाजसेवी हरेलाल महतो को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और एचएलएम ट्रॉफी के आयोजन की सराहना की। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को हरेलाल महतो के रूप में एक निष्ठावान समाजसेवी मिला है। उन्होंने कामना की कि हर क्षेत्र में ऐसे समाजसेवी सामने आएं।

फुटबॉल के विकास पर सांसद ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि भारत अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपेक्षित मुकाम हासिल नहीं कर पाया है, जबकि कई छोटे देश भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से झारखंड में फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जाए तो यहां के खिलाड़ी भी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

विजेता को तीन लाख, उपविजेता को दो लाख

पुरस्कार वितरण समारोह में जमशेदपुर रैफ के कमांडेंट राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता मानभूम एफसी, चोगा-ईचागढ़ को तीन लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता जय तारा, चांडिल को महंत विद्यानंद सरस्वती ने दो लाख रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

एसी ब्लैक, जमशेदपुर को तृतीय और बमबम भोले टीम को चतुर्थ स्थान मिला। दोनों टीमों को एक-एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। मानभूम एफसी के दीपक हांसदा को मैन ऑफ द सीरीज तथा जय तारा के अमृत गोप को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार मिला।

खेल के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश

एचएलएम ट्रॉफी के दौरान मैदान के समीप आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आकर्षण का केंद्र रहा। जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से ब्रह्मानंद ब्लड बैंक, तमोलिया के सौजन्य से लगाए गए शिविर में इस वर्ष 252 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। पिछले वर्ष 157 यूनिट रक्त संग्रह हुआ था। इस तरह इस वर्ष रक्तदान में 95 यूनिट की बढ़ोतरी हुई। रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से हेलमेट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

समापन समारोह में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, पूर्व जिला परिषद सदस्य मधुसूदन गोराई, प्रोफेसर रविशंकर मौर्या, बॉबी जालान, आशीष कुंडू, अधिवक्ता महेंद्र महतो, भाजपा युवा नेता मनोरंजन महतो, दुर्योधन गोप, लक्ष्मीकांत महतो, गोपेश महतो, तुलसी महतो, दिगंबर सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article