दुर्गापूजा को लेकर चांडिल थाना में शांति समिति की बैठक, पूजा समितियों को मिला सुरक्षा के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 07 अक्टूबर : आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अंचल अधिकारी, चांडिल, पुलिस निरीक्षक, चांडिल अंचल सहित थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पूजा पंडालों में विद्युत व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा अग्निशमन एवं फायर सेफ्टी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, डीजे एवं ध्वनि नियंत्रण, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार और सतर्क उपयोग पर भी जोर दिया। पूजा समितियों से अपील की गई कि किसी भी तरह की भ्रामक या विवादित सूचना को प्रसारित करने से बचें और प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

अधिकारियों ने कहा कि पूजा समितियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के सामूहिक सहयोग से दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Share This Article