समाहरणालय में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन बनाने पर दिया गया जोर
जमशेदपुर, 05 अक्टूबर : 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को समाहरणालय में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के बीच जिला स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्रियों से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संतुलित आहार को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों द्वारा चयनित एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं पोषक तत्वों से भरपूर विभिन्न व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में गोलमुरी सह जुगसलाई बाल विकास परियोजना कार्यालय को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 हजार रुपये, बोड़ाम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 हजार रुपये तथा बहरागोड़ा को तृतीय पुरस्कार के रूप में 2 हजार रुपये प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि पोषण केवल भोजन की मात्रा नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और आवश्यक पोषक तत्वों की उपलब्धता से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं गर्भवती एवं धात्री माताओं, शिशुओं और बच्चों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका मौजूद रहीं।



