डीसी ने आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की, विसर्जन रूट से लेकर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
जमशेदपुर, 05 अक्टूबर : दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शांति समिति और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, विसर्जन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा जमशेदपुर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने में सहयोग करें।
बैठक में पेयजल, बिजली, सड़क मरम्मत, पेड़ों की डालियों की छंटाई, पंडालों तक पहुंचने वाले मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, विसर्जन घाटों की तैयारी और गोताखोरों की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त करने, आवश्यक सड़क मरम्मत और घाटों पर पर्याप्त रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विसर्जन के निर्धारित रूट और ट्रैफिक प्लान के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूजा समितियों द्वारा वालंटियर्स की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई होगी।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने तथा दुर्गापूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।



