अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 हाईवा जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 हाईवा जब्त

घाटशिला, 01 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार की देर रात घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान धालभूमगढ़ क्षेत्र से अवैध बालू लदे 7 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, जांच अभियान बुधवार रात 1 बजे से गुरुवार सुबह 7 बजे तक चलाया गया। जांच के दौरान जब्त किए गए सभी सात वाहनों के चालक बालू के परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर धालभूमगढ़ थाना के सुपुर्द कर दिया।

जब्त किए गए वाहनों के नंबर JH05DP 5145, JH05DR 3886, JH05EB 3034, JH09AT 6401, JH05CW 5059, JH01DB 8588 और JH01DY 7953 हैं।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

जिला प्रशासन ने कहा है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article