जुआ और लॉटरी के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, चार गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जुआ और लॉटरी के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, चार गिरफ्तार

जमशेदपुर, 23 सितंबर : शहर में अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीतारामडेरा के छायानगर में अवैध जुआ खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में लॉटरी व सट्टा संचालन के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में नकदी, मोबाइल फोन, लॉटरी बोर्ड, कॉपी और अन्य सामान बरामद किया है।

पहली कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में हुई। पुलिस को यहां अवैध रूप से जुआ खिलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि राहुल कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 1,820 रुपये नकद, सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, पॉकेट डायरी, नोटबुक और जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किए गए।

वहीं, साकची थाना क्षेत्र में बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में छापेमारी के दौरान नीरज कुमार सिंह, दिलीप पासवान और अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2,510 रुपये नकद, अलग-अलग नंबर लिखी कॉपी, रियलमी मोबाइल और गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर जुआ और सट्टा खिलाने से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब इन गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Share This Article