अगस्त में सड़क हादसों ने ली 22 लोगों की जान, 26 घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डीसी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा बैठक, दो माह में 7 स्थानों पर लगेंगे स्पीड गन कैमरे

जमशेदपुर, 19 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग और शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, दुर्घटनाओं के कारणों, प्रवर्तन कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि अगस्त माह में जिले में कुल 34 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 22 लोगों की मौत और 26 लोग घायल हुए। समीक्षा में हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों का उल्लंघन दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में सामने आए।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार पर निगरानी के लिए सात चिन्हित स्थानों पर स्पीड गन कैमरा लगाने की जानकारी एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने दी। उन्होंने बताया कि अगले दो महीने में इन स्थानों पर कैमरे स्थापित कर गति की प्रभावी निगरानी की जाएगी।

उपायुक्त ने यातायात पुलिस को शहरी क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खराब पड़े बसों और अन्य वाहनों को हटाने को कहा गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर ऑटो के लिए निर्धारित पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट चिन्हित करने तथा परमिट और अन्य दस्तावेजों की जांच के भी निर्देश दिए गए।

प्रवर्तन कार्रवाई के तहत जिले में 121 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 5 लाख 96 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।

उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों की नियमित निगरानी, साइनेज और सड़क सुरक्षा अवसंरचना में सुधार तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब समेत प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, एनएचएआई, आरसीडी, जुस्को और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article