16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पुरुलिया, 19 सितंबर : पुरुलिया मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेलकुड़ी गांव में 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खाली मकान से किशोरी का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
परिवार के सदस्यों ने किशोरी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने फिलहाल अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
मृतक किशोरी के चाचा परीक्षित कर्मकार ने बताया कि किशोरी के नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की। बाद में घर से कुछ दूरी पर एक खाली मकान में उसका शव बरामद हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि किशोरी की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि परिवार जल्द ही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएगा।
परीक्षित कर्मकार ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं उचित जांच कराने की मांग की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।



