जनता दरबार में राशन कार्ड से लेकर सड़क और यातायात व्यवस्था तक के मामले पहुंचे
सरायकेला, 11 सितंबर : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे आम नागरिकों की व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन सौंपकर समाधान की मांग की।
जनता दरबार में राशन कार्ड, सड़क निर्माण, यातायात व्यवस्था, पेयजल समेत कई समस्याओं को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। एक आवेदक ने राशन कार्ड से नाम हट जाने के कारण खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए दोबारा नाम जोड़ने की मांग की।
वहीं, सरायकेला-राजनगर सड़क के निर्माण तथा भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी गई। सिनी पंचायत के ग्राम सिदमा में प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क के निर्माण की मांग को लेकर भी आवेदन दिया गया।
इसके अलावा ईचागढ़ प्रखंड में खराब एवं अधभरे कुएं के जीर्णोद्धार की मांग सामने आई। जनता दरबार में भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा समेत अन्य विभागों से जुड़ी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं के आवेदन भी प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवेदनों पर की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराया जाए, ताकि शिकायतों के निष्पादन की जानकारी उन्हें समय पर मिल सके।



