जमीन विवाद से लेकर सड़क, राशन, बिजली, पेंशन और पेयजल तक के मामले पहुंचे – अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
जमशेदपुर, 11 सितंबर : समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच कर निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों ने जमीन विवाद, विद्यालय में नामांकन, ग्राम सभा से जुड़े मामले, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, बैटरी ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, जाति प्रमाण पत्र जारी करने और आंगनबाड़ी सेविका चयन सहित विभिन्न मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
इसके अलावा आवास, पेंशन, राशन, बिजली, पेयजल, नाली-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने आवेदन सौंपे।
उपायुक्त ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा आवेदक को उसके आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने जमीन एवं अन्य विवादित मामलों में संबंधित अभिलेखों और तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं विद्यालय में नामांकन से जुड़े मामलों में पात्रता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के साथ सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।



