881 विद्यार्थियों वाले स्कूल में शिक्षकों की कमी, दो शिक्षकों के तबादले के बाद उठी व्यवस्था सुधारने की मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

881 विद्यार्थियों वाले स्कूल में शिक्षकों की कमी, दो शिक्षकों के तबादले के बाद उठी व्यवस्था सुधारने की मांग

चांडिल, 11 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड के चिलगु पंचायत स्थितकल्याणपुर उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चिलगु में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। विद्यालय में दो शिक्षकों के तबादले के बाद उनके स्थान पर शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गांव गणराज्य लोक समिति कोल्हान संगठन ने शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप की मांग की है।

गांव गणराज्य लोक समिति कोल्हान के संगठन संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार एवं गांव गणराज्य प्रखंड चांडिल के अध्यक्ष बलराम सिंह ने 10 सितंबर को ईमेल के माध्यम से संबंधित विभाग को मांग पत्र भेजा। इसमें तबादला किए गए दोनों शिक्षकों के स्थान पर उन्हीं शिक्षकों को वापस पदस्थापित करने अथवा उनके स्थान पर अन्य शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

संगठन का कहना है कि विद्यालय में करीब 881 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की संख्या काफी कम है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने विभाग से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है।

चिलगु के समाजसेवी बासुदेव आदित्यदेव ने कहा कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों से बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा की जाती है, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था होने से पठन-पाठन बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगा।

संगठन और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों एवं संगठन की ओर से आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।

Share This Article