चांडिल में 25 झारखंड आंदोलनकारियों को मिला प्रमाण पत्र, 35 विद्यार्थियों को बांटी गई साइकिल
चांडिल, 11 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड कार्यालय सभागार में झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण एवं छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं। इस दौरान विधायक ने चांडिल प्रखंड के 25 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र तथा 35 छात्राओं को साइकिल वितरित कर अभियान की शुरुआत की।
मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनके संघर्ष और योगदान का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रमाण पत्र मिलने से आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से मिलने वाले विभिन्न लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गंभीर है।
विधायक ने बताया कि चांडिल प्रखंड क्षेत्र के करीब 2500 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
कार्यक्रम में बीडीओ सह सीओ तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, समर भुईयां सहित प्रखंड के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, झारखंड आंदोलनकारी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।



