सीनी मोड़ चौक पर वाहन की टक्कर से बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, एक माह में नई प्रतिमा लगाने पर सहमति

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 10 सितंबर : सीनी मोड़ चौक पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा बुधवार को एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आदिवासी भूमिज मुंडा समाज, सीनी-सरायकेला के सक्रिय सदस्य मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक उठाकर सुरक्षित स्थान पर रखा। संबंधित वाहन को भी मौके पर रोक लिया गया।

इसके बाद समाज के वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी में वाहन मालिक के साथ वार्ता की गई। वार्ता के दौरान वाहन मालिक ने अपनी भूल स्वीकार की। मामले को आपसी सहमति और भाईचारे के साथ सुलझाते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भगवान बिरसा मुंडा की नई प्रतिमा के निर्माण में होने वाले पूरे खर्च का वहन वाहन मालिक करेगा।

समाज के सदस्यों के अनुसार, नई प्रतिमा के निर्माण के लिए बुधवार को ही सभी की मौजूदगी में वाहन मालिक द्वारा मूर्तिकार को अग्रिम राशि उपलब्ध करा दी गई है। तय किया गया है कि एक माह के भीतर सीनी मोड़ चौक पर नई प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी। आपसी सहमति और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के उद्देश्य से वाहन को भी मुक्त कर दिया गया।

मौके पर आदिवासी भूमिज मुंडा समाज के दिवाकर सरदार, रंजीत सरदार और एमपी सरदार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। समाज ने ग्रामीणों और युवाओं से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। साथ ही जिला प्रशासन से सीनी मोड़ चौक की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। इसमें स्पीड ब्रेकर, हाईमास्ट लाइट और बिरसा मुंडा की प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग प्रमुख है।

Share This Article