भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग, भाजपा ने समाहरणालय पर किया प्रदर्शन
सरायकेला, 09 सितंबर : JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने और छात्र-छात्राओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने बुधवार को सरायकेला समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय भाषा की परीक्षा में स्थानीय भाषा बोलने और समझने वाले अभ्यर्थियों के असफल होने तथा बाहर के अभ्यर्थियों के सफल होने से परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर संदेह पैदा हो रहा है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
आदित्य साहू ने कहा कि गरीब किसान, मजदूर और रिक्शा चालक मेहनत कर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। यदि पैसे के बल पर नौकरियां बेचे जाने की स्थिति बनेगी, तो इसका खामियाजा राज्य सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक छात्रों तथा कोचिंग संस्थानों पर हुई कार्रवाई का समाधान नहीं होता, पार्टी उनके समर्थन में सड़क पर उतरती रहेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है। सरकार को भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए।
सभा को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।



