पुरुलिया पुलिस को मिली बड़ी सफलता : बलरामपुर में आठ घरों में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रसूलडीह-हरिपालडीह में एक ही रात मचाई थी दहशत, चोरी के सामान का एक हिस्सा बरामद – अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बलरामपुर, 03 सितंबर : पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में एक ही रात आठ घरों में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान का एक हिस्सा भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता और चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 01 और 02 सितंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने रसूलडीह और हरिपालडीह गांवों में आठ घरों को निशाना बनाया था। आरोपियों ने घरों के ताले तोड़कर सोने के गहने, नकदी समेत विभिन्न घरेलू सामान चोरी कर लिए थे।

घटना के संबंध में बलरामपुर थाना में विभिन्न धाराओं के साथ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लादेन केवरा (25), साहेनशाह केवरा (38) और एरा उर्फ आरा केवरा (27) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पुरुलिया जिले के आरसा थाना क्षेत्र के कांटाडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई संपत्ति का एक हिस्सा बरामद किया है।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को गुरुवार को पुरुलिया स्थित न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की पूछताछ, चोरी के शेष सामान की बरामदगी तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पांच दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इन घटनाओं में और कितने लोग शामिल थे।

Share This Article