एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार, करीब नौ मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार, करीब नौ मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास

चांडिल, 02 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने ब्राउन शुगर से जुड़े एनडीपीएस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया स्थित जेवियर स्कूल के समीप रहने वाले शिवाजी गोप उर्फ नायडू (30), पिता संजय गोप के रूप में हुई है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शिवाजी गोप उर्फ नायडू एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस को आरोपी के ठिकाने के संबंध में सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के मानगो और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अलावा चांडिल थाना तथा कपाली ओपी क्षेत्र में भी विभिन्न मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, शिवाजी गोप उर्फ नायडू के खिलाफ करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। वह पूर्व में भी अलग-अलग आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मामलों से संबंधित जानकारी को खंगाल रही है।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में नशीले पदार्थों के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल के जवान समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। आरोपी की गिरफ्तारी को कपाली पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article