जारकानी में खनन पट्टा के विरोध में ग्राम सभा, ग्रामीणों ने कहा- बिना सहमति नहीं देंगे एनओसी
राजनगर, 02 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत जारकानी गांव में खनन पट्टा दिए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने ग्राम सभा आयोजित कर सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया। माझी बाबा सह ग्राम प्रधान लाभो बास्के के नेतृत्व में हुई ग्राम सभा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हुए।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने एकजुट होकर स्पष्ट कहा कि गांव की सहमति के बिना किसी भी हाल में खनन पट्टा के लिए एनओसी नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि खनन शुरू होने से क्षेत्र के पर्यावरण और खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने धूल और प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाली संभावित परेशानियों को लेकर भी चिंता जताई। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रस्तावित खनन क्षेत्र के पास स्कूल भी स्थित है। ऐसे में खनन गतिविधियों से बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी पहले ही जिला प्रशासन को लिखित रूप से दी जा चुकी है। इसके बावजूद खनन पट्टा की प्रक्रिया आगे बढ़ने की आशंका को देखते हुए ग्राम सभा कर सामूहिक विरोध दर्ज कराया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कराने तथा ग्राम सभा के निर्णय को ध्यान में रखते हुए खनन पट्टा की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने कहा कि गांव की जमीन, पर्यावरण, खेती-किसानी और बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।



