भादो महोत्सव के रंग में सजेगा चांडिल का राणी सती मंदिर, 10 सितंबर से दो दिन गूंजेंगे भजनों के स्वर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 29 अगस्त : चांडिल डैम रोड स्थित श्री राणी सती मंदिर में इस बार भादों महोत्सव को यादगार बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 10 और 11 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को भव्य रूप देने का काम जोर-शोर से चल रहा है। मंदिर की सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता तक, विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में रंग-रोगन का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। दीवारों पर धार्मिक स्लोगन और अन्य सजावटी कार्य मंदिर की आध्यात्मिक आभा को और बढ़ा रहे हैं। पूरे परिसर को इस तरह सजाया जा रहा है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य और भक्तिमय वातावरण का अनुभव हो।

श्री राणी सती मंडल के सदस्य तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंडल के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष भादों महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए मंदिर परिसर की साज-सज्जा के साथ व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।

महोत्सव के पहले दिन 10 सितंबर की शाम भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन और धार्मिक गीतों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होंगे। आयोजकों को भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर के आसपास साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share This Article