जनसमस्याओं पर उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान, विभागों को कार्रवाई का निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जनसमस्याओं पर उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान, विभागों को कार्रवाई का निर्देश

पटमदा, 25 अगस्त : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापनों पर उपायुक्त राजीव रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही जल्द समाधान का आश्वासन भी दिया गया है।

विश्वनाथ महतो ने पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी दूर करने, प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. संगीता केरकेट्टा को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने तथा अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवा के लिए तकनीशियनों की तत्काल पदस्थापना की मांग की थी। अस्पताल की एंबुलेंस सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का भी आग्रह किया गया था।

इसी तरह पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल के नवनिर्मित भवन का शीघ्र प्रभार हस्तांतरण कर उसमें पठन-पाठन शुरू कराने तथा पर्याप्त संख्या में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति की मांग रखी गई थी। पुराने और जर्जर भवन में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए नए भवन का उपयोग जल्द शुरू कराने पर जोर दिया गया।

वहीं, पटमदा और बोड़ाम के ग्रामीण इलाकों में तालाबों एवं आवासीय क्षेत्रों के समीप से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइनों तथा घरों के पास लगे ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग भी की गई। इस मामले में संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

बेलटांड़-रघुनाथपुर सड़क निर्माण की भी जगी उम्मीद

बेलटांड़ से रघुनाथपुर तक मुख्य सड़क निर्माण को लेकर भी कार्रवाई आगे बढ़ी है। विश्वनाथ महतो के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए विभाग की ओर से दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। विभागीय स्तर पर आगामी दो माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।

विश्वनाथ महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। उपायुक्त द्वारा समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई का निर्देश देना स्वागतयोग्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से पटमदा और बोड़ाम के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

Share This Article