वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार – 17 बाइक और तीन मोबाइल बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार – 17 बाइक और तीन मोबाइल बरामद

जमशेदपुर, 25 अगस्त : गुड़ाबांदा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस हैं। इसके अलावा पेंशन प्रो और होंडा साइन बाइक भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के पास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को तीन वाहनों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जमशेदपुर शहर समेत अलग-अलग जिलों के थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महाली, जयप्रकाश महाली उर्फ प्रकाश और सचिन महाली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इनका मिलान कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी अहम जानकारी मिल सकती है।

Share This Article