एस आई आर प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
जमशेदपुर, 24 अगस्त : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में दावा एवं आपत्ति के निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को शहर में निर्धारित विभिन्न सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम कार्यालय, मानगो अंचल कार्यालय, जेएनएसी कार्यालय, जमशेदपुर सदर प्रखंड परिसर तथा वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत संबंधित ईआरओ और एईआरओ मौजूद रहे।
इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया, मतदाताओं को दी जा रही सहायता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई के लिए आने वाले नागरिकों को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवेदन जमा करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार SIR-2026 के तहत 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि निर्धारित है। वहीं, 5 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 तक नोटिस चरण के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया चलेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपने नाम और निर्वाचन संबंधी विवरण की जांच करने तथा नाम छूटने, त्रुटि या किसी अन्य आपत्ति की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सुनवाई स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने, नागरिकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से SIR-2026 के तहत अपने निर्वाचक विवरण की जांच कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।



