चांडिल में चली नौ राउंड गोली, युवक गंभीर रूप से घायल – TMH में भर्ती

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 24 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनबनी स्थित होटल 10th माइल्स में सोमवार दोपहर गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक होटल में बैठकर चाय पी रहा था। चाय पीने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकल रहा था, तभी पीछे से आए एक अपराधी ने अचानक उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने करीब नौ राउंड फायरिंग की। गोली लगने से युवक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

घायल की पहचान कदमा के विजय हेरिटेज निवासी व्यापारी निखार सबलोक के रूप में हुई है। घटना के पीछे की वजह और हमलावर की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले खोखे और गोलियों की प्रारंभिक जांच के आधार पर करीब नौ राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है। इनमें सात गोलियां घायल को लगीं, जबकि दो बुलेट मिसफायर होने की जानकारी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के कारणों और हमलावर की तलाश में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Share This Article