17 किलोमीटर सड़क का होगा निर्माण, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा
ईचागढ़, 23 अगस्त : मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में छह महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर सभी छह सड़क योजनाओं का शिलान्यास किया। करीब 10 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से कुल 17 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के बनने से प्रखंड के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत रुगड़ी बाजार से कुटाम तक 2.40 किलोमीटर सड़क का निर्माण 143.23 लाख रुपये की लागत से होगा। वहीं टीकर से नदीसाई तक 3.20 किलोमीटर सड़क के लिए 221.938 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह चिपड़ी हाई स्कूल से चुनीडीह भाया सलगाडीह तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण 195.796 लाख रुपये की लागत से, लेपाटांड़ से कुंदरीलौंग तक 4.10 किलोमीटर सड़क का निर्माण 226.752 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
इसके अलावा बांधडीह काड़का से पुरानडीह तक 2.32 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 137.674 लाख रुपये तथा तामारी से अतारग्राम तक 1.87 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 118.702 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। सरकार के प्रयास से ग्रामीणों की इस मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कें बन जाने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और लोगों को बरसात समेत अन्य मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
विधायक ने संबंधित संवेदक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही।
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, विभाग के एई अजय राम, जेई दिनेश महतो, वरिष्ठ झामुमो नेता गुप्तेश्वर महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सचिव अमित सिन्हा, अभय यादव, सुरजन स्वासी, अघोर महतो, पशुपति बागची, किशुन किस्कू, मधु गोप, विजय कृष्ण महतो, प्रताप महतो, हरेन महतो, शशांक शेखर महतो, भास्कर महतो, झरे महतो, सूरज हेंब्रम, कार्तिक मांझी, भोला कुम्हार, कांत उरांव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



