बहु ग्राम जलापूर्ति योजनाओं में देरी पर उपायुक्त सख्त, समय-सीमा में काम पूरा करने का निर्देश
सरायकेला, 22 अगस्त : जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित बहु ग्राम जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजनावार कार्यों की स्थिति, लंबित कार्यों और निर्माण में आ रही समस्याओं की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और संबंधित योजनाओं के संवेदक मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), स्थानीय स्तर पर उत्पन्न विवाद और इनके कारण योजनाओं के कार्यान्वयन में आ रही बाधाओं की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित NOC का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया।
वहीं, स्थानीय विवादों का संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर समाधान कराने और इसके कारण योजनाओं के काम में बाधा नहीं आने देने को कहा गया। जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली, वहां उपायुक्त ने संवेदकों से विलंब के कारणों की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब या लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ संविदा की शर्तों और प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। बहु ग्राम जलापूर्ति योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने तकनीकी, प्रक्रियागत और स्थानीय स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कर योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।



