अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर रोक, ब्लैकस्पॉट सुधारने के साथ ड्रोन, CCTV और e-Challan से निगरानी पर जोर
जमशेदपुर, 22 अगस्त : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आम लोगों के सुरक्षित आवागमन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन का विषय नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन और उनके परिवारों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर रोक लगाने तथा सड़क किनारे मौजूद अवैध ढाबों, भोजनालयों एवं अन्य व्यावसायिक संरचनाओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। सड़क के Right of Way क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निरीक्षण एवं गश्ती के साथ ड्रोन सर्वेक्षण, CCTV, ATMS, GPS आधारित निगरानी और e-Challan जैसी तकनीकों का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया। सड़क से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए उपलब्ध व्यवस्था को और मजबूत करने को भी कहा गया।
बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैकस्पॉट के सुधार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सहायता, क्रेन की उपलब्धता, ले-बाय, पार्किंग और Wayside Amenities जैसी सुविधाओं को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि दुर्घटना के बाद राहत और बचाव में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। इसलिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जल्द हटाकर यातायात सामान्य करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित लाइसेंस, NOC एवं व्यावसायिक स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही जारी और नवीनीकृत करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा मानकों के विपरीत पहले जारी अनुमतियों की भी नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और NHAI के अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अक्षरशः एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, जिला परिवहन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा NHAI के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




